रुद्रपुर में कार सवार युवकों ने महिलाओं से की छेड़छाड़
रुद्रपुर के आवास विकास क्षेत्र में देर रात कार सवार युवकों द्वारा महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि मीडिया ग्रुप’ वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। बुधवार देर रात आवास विकास क्षेत्र में एक चलती कार में सवार युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में सवार तीन युवक राह से गुजर रही महिलाओं और युवतियों के साथ अश्लील हरकतें व छेड़छाड़ कर रहे थे। जब कुछ महिलाओं ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की।
इस घटना से क्षेत्र में दहशत और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कार की वीडियो बना सोशल मीडिया पर वायरल कर दी है, जिससे मामला तेजी से फैल गया। घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर भी दी गई, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि वायरल हो रहे कार के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
