उत्तराखंडउधमसिंह नगर

रुद्रपुर : गैस रिसाव से सिलेंडर में लगी आग, तीन महिलाएं समेत चार लोग झुलसे

रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बुधवार को गैस रिसाव के कारण सिलेंडर में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में तीन महिलाएं और एक तीन वर्षीय बालिका झुलस गईं। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, शिवनगर स्थित अरुण कुमार के मकान में रामभरोसे अपने परिवार के साथ किराये पर रहते हैं। बुधवार को अचानक गैस रिसाव होने से सिलेंडर में आग लग गई, जो पास में जल रहे चूल्हे की वजह से तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान रामभरोसे की पत्नी, दो अन्य महिलाएं और एक मासूम बच्ची आग की चपेट में आकर झुलस गईं। सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में घर का सामान भी जलकर नष्ट हो गया।

जिला अस्पताल में उपचार कर रहे डॉ. जुनैद के अनुसार, रामभरोसे की पत्नी करीब 46 प्रतिशत, अन्य दो महिलाएं 15-20 प्रतिशत और बच्ची लगभग 30 प्रतिशत तक झुलसी है। रामभरोसे की पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है।

ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी मोहन पांडे ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में घरेलू गैस सिलेंडर में लापरवाही या अवैध गैस रिफिलिंग के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

error: Content is protected !!