प्रतिष्ठित व्यवसायी की फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठगी का प्रयास, महिला को आपत्तिजनक मैसेज भेजने का आरोप
रुद्रपुर। शहर के एक व्यवसायी की तस्वीर का दुरुपयोग कर व्हाट्सएप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर धन उगाही और आपत्तिजनक संदेश भेजने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ध्रुव मुंजाल पुत्र हरीश मुंजाल निवासी एलाइंस किंग्सटन, काशीपुर रोड रूद्रपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह आर एस ग्रुप ऑफ कम्पनी का स्वामी है और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अज्ञात लोग उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने के उद्देश्य से उनकी तस्वीर का दुरुपयोग कर रहे हैं। तहरीर के अनुसार मोबाइल नंबर के व्हाट्सएप पर उनकी फोटो लगाकर एक अज्ञात व्यक्ति लोगों को फोन कर धनराशि की मांग कर रहा है। इसके अलावा उसी नंबर से कई महिलाओं को आपत्तिजनक संदेश भी भेजे जा रहे हैं, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंच रहा है।
पीड़ित ने बताया कि उक्त व्हाट्सएप प्रोफाइल पर ध्रुव मुंजाल नाम का ही उपयोग किया जा रहा है और इसी नाम से लोगों को संदेश भेजे जा रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल पुलिस से शिकायत की है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उक्त मोबाइल नंबर का उपयोग कर रहे अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है।
कई मामलों में यह भी देखा गया है कि कुछ प्रभावशाली लोग गलत गतिविधियों में संलिप्त होने के बावजूद खुद को बचाने के लिए पीड़ित पक्ष पर ही दबाव बनाने या उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कराने जैसे प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी मानी जाती है, ताकि वास्तविक दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई हो सके।
