उधमसिंह नगर

रुद्रपुर : होली पर हुड़दंग करने वालों से सख्ती से निपटेगी पुलिस

रुद्रपुर। होली के मद्देनज़र एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ‘जीरो रिस्पॉन्स टाइम’ के साथ पुलिस अलर्ट मोड में रहेगी। होली पर हुड़दंग करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड जांची और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को निर्देश दिए कि शहर के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले बाजारों पर 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी जाए।

उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले को जोन और सेक्टर में विभाजित कर विशेष सुरक्षा योजना लागू की गई है। इस दौरान पुलिस का चप्पे-चप्पे पर कड़ा पहरा रहेगा।

एसएसपी ने शहर के प्रवेश द्वारों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही पीएसी, क्यूआरटी और सिविल पुलिस बल को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। शराब पीकर वाहन चलाने, स्टंट करने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।

एसएसपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!