नैनीताल के कारोबारी से 68 लाख की साइबर ठगी, निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा
नैनीताल। विदेशी मुद्रा (फोरेक्स) में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर नैनीताल के एक कारोबारी से 68 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाना पंतनगर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, नौकुचियाताल निवासी राजेंद्र पंत ने पुलिस को बताया कि नैनीताल में उनका एक रेस्टोरेंट है। अक्तूबर 2025 में फेसबुक के माध्यम से उनकी पहचान रिचा नाम की एक महिला से हुई। महिला ने स्वयं को एक निवेश कंपनी की मार्केटिंग एवं फोरेक्स ट्रेडिंग सलाहकार बताते हुए विदेशी मुद्रा में निवेश पर भारी मुनाफा दिलाने का दावा किया।
महिला ने व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए लगातार संपर्क बनाए रखा। कंपनी का लोगो और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म दिखाकर भरोसा दिलाया गया कि निवेश पूरी तरह सुरक्षित और लाभकारी है। झांसे में आकर पीड़ित ने 23 अक्तूबर 2025 से 13 फरवरी 2026 के बीच 11 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 68 लाख 4 हजार 800 रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। यह रकम देश के अलग-अलग बैंकों में संचालित खातों में भेजी गई।
पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने निवेश की गई राशि और कथित मुनाफा निकालने का प्रयास किया तो आरोपितों ने टैक्स, मार्जिन मनी, एक्सचेंज फीस और ऐप चार्ज के नाम पर अतिरिक्त धनराशि की मांग शुरू कर दी। लगातार रकम मांगने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
साइबर क्राइम थाना पंतनगर प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और प्रकरण की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने वाले निवेश प्रस्तावों से सावधान रहने की अपील की है।
