उत्तर प्रदेशराष्ट्रीय

उत्तर प्रदेश में सड़कों पर उतरे वकील, राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग

अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मामले को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के भीतर भी आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। पहली बार ट्रस्ट के ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास महाराज ने पूर्व पदाधिकारी गोपाल राव पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि पूरे मामले की जिम्मेदारी गोपाल राव की है। उनका आरोप है कि गोपाल राव राजनीति कर रहे हैं और सभी लोगों को अनावश्यक रूप से उलझाने का काम कर रहे हैं।

इधर, गुरुवार सुबह करीब 11:45 बजे अयोध्या में फैजाबाद बार एसोसिएशन के नेतृत्व में 500 से अधिक अधिवक्ता सड़कों पर उतर आए। अधिवक्ताओं ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा, गोपाल राव सहित अन्य जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए नारेबाजी की।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालका प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में अधिवक्ता राम जन्मभूमि थाने की ओर मार्च कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें सिविल लाइन चौकी के पास रोक दिया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ शिकायत पत्र सौंपा।

फैजाबाद बार एसोसिएशन के सचिव शैलेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि शिकायत की पावती उन्हें मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं करती है तो हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा।

राम जन्मभूमि थाने में अधिवक्ताओं की ओर से दी गई तहरीर गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे सामान्य डायरी (जीडी) में दर्ज कर ली गई। शिकायत में चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा, गोपाल राव तथा ट्रस्ट के अन्य जिम्मेदार सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत के आधार पर नियमानुसार जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो थाना राम जन्मभूमि की कार्यप्रणाली के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!