रुद्रपुर : हॉस्पिटल में ड्यूटी के दौरान शराब पीने के आरोप, वीडियो वायरल
रुद्रपुर स्थित ईएसआईसी अस्पताल का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो में कुछ डॉक्टर और कर्मचारी टेबल पर शराब की बोतल रखकर गीत सुनते और मस्ती करते दिखाई दे रहे हैं।
दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो ड्यूटी के दौरान का है जबकि उसी समय ओपीडी और इमरजेंसी में मरीज इलाज के लिए मौजूद थे। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। वीडियो सामने आने के बाद मरीजों और तीमारदारों ने अस्पताल में लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
उनका कहना है कि डॉक्टर समय पर नहीं पहुंचते और मरीजों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वायरल वीडियो के बाद अस्पताल प्रशासन की निगरानी व्यवस्था सवालों के घेरे में है। ईएसआईसी अस्पताल कुमाऊं क्षेत्र का प्रमुख अस्पताल है, जहां हजारों बीमाकर्मी और उनके परिजन उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में इस तरह के आरोपों से मरीजों का भरोसा प्रभावित होने की बात सामने आ रही है।
हाल ही में हुई दिशा समिति की बैठक में जसपुर विधायक आदेश चौहान ने सांसद अजय भट्ट के समक्ष अस्पताल में डॉक्टरों की ओर से शराब पीने का मुद्दा उठाया था। इस पर अस्पताल के एमएस ने मौके पर मेडिकल जांच कराने की बात कही थी जबकि सांसद ने पूरे मामले की जांच कराने की आवश्यकता जताई थी।
