उत्तराखंडउधमसिंह नगर

रुद्रपुर : महिला से हुए सामूहिक दुष्कर्म के फरार आरोपी ने ट्रेन में खाया जहर, पुलिस हिरासत में भर्ती

रुद्रपुर में सरस मेले से लौट रही महिला से हुए सामूहिक दुष्कर्म के एक फरार अभियुक्त ने यूपी के धामपुर के नगीना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में जहर खा लिया। लोगों ने इसकी सूचना जीआरपी को दी। जीआरपी ने उसे यूएस नगर पुलिस को सौंप दिया।

बीते सोमवार को रुद्रपुर निवासी एक महिला ने कोतवाली पहुंचकर बताया था कि रविवार की रात को वह अपने देवर के साथ गांधी पार्क में सरस मेला देखने पहुंची थी। रात 10 बजे के बाद वह बाइक से घर वापस जा रहे थे। दूसरी बाइक पर मोहल्ले के ही दो युवक सवार थे। आरोप था कि किच्छा बाईपास रोड पर सुनसान जगह महिला के देवर के दोस्तों ने उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। सोमवार देर रात पुलिस ने महिला के देवर और उसके दोस्त समेत दो अन्य पर प्राथमिकी दर्ज की। मामले में देवर की संलिप्तता पाते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।

सामूहिक दुष्कर्म में फरार एक अन्य अभियुक्त ने बुधवार को धामपुर के नगीना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में जहर खा लिया। जब उसकी हालत बिगड़ी तो यात्रियों ने जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी पुलिस ने उससे पूछताछ कर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जीआरपी ने इसकी सूचना यूएस नगर की पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस नगीना पहुंची और उसे हिरासत में लेकर रुद्रपुर ले आई। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि अभियुक्त की हालत स्थिर है। उस पर लगातार नजर रखी जा रही है। घटना में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की तलाश की जा रही है। उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

error: Content is protected !!