उत्तराखंडउधमसिंह नगर

रुद्रपुर : फोन कर बुलाया, फिर बरसाए डंडे — व्यापारी समेत कई घायल

रुद्रपुर। किच्छा रोड स्थित दूधिया मंदिर के पास एक दुकानदार को फोन कर बुलाने के बाद उसके परिजनों पर कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। देखते ही देखते मामला दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें दोनों ओर से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पक्ष का कहना है कि शनिवार रात उन्हें फोन पर सूचना मिली कि कुछ युवक दूधिया मंदिर के पास स्थित उनकी दुकान का चैनल तोड़ रहे हैं। सूचना मिलते ही दुकानदार के पहाड़गंज निवासी रिश्तेदार मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। कुछ देर बाद दोबारा फोन आया कि युवक दुकान का शटर तोड़ रहे हैं और तुरंत पहुंचने को कहा गया।

इस पर दुकानदार अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा, जहां पहले से मौजूद युवकों से उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई और एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया।

घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया। मामले की सूचना रम्पुरा चौकी पुलिस को दे दी गई है।

एक पक्ष ने आरोप लगाया है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर महिलाओं के साथ भी मारपीट की। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर देने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!