रुद्रपुर : नमाज पढ़ रहे व्यक्ति से मारपीट, अटरिया मंदिर सचिव समेत अज्ञात पर मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर। नमाज पढ़ रहे एक व्यक्ति के साथ सामूहिक मारपीट, गालीगलौज और जबरन धार्मिक नारे लगवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोपी अटरिया मंदिर समिति का सचिव अरविंद शर्मा और उसके साथी बताए जा रहे हैं। एसएचओ पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि मामले में पीड़ित की तहरीर पर अरविंद शर्मा और अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
रेशमबाड़ी रुद्रपुर निवासी शाहिद ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि बीते मंगलवार को रुद्रपुर क्षेत्र में एक खाली स्थान पर वह नमाज पढ़ रहा था। इस दौरान वहां पहुंचे अरविंद शर्मा और उसके साथियों ने उसके साथ गालीगलौज कर मारपीट की। इतना ही नहीं उससे जबरन धार्मिक नारे लगवाए गए और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। संवाद न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार वीडियो में स्पष्ट है कि यह कृत्य अरविंद शर्मा नामक व्यक्ति और उसके साथ मौजूद अन्य लोगों ने सामूहिक रूप से किया है। पीड़ित ने कहा कि यह कानून, धार्मिक स्वतंत्रता एवं सामाजिक सौहार्द पर सीधा हमला है। इससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका है। पीड़ित ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
एसपी क्राइम उधमसिंह नगर नगर जितेंद्र चौधरी ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें समुदाय विशेष के व्यक्ति से कुछ लोग अभद्र व्यवहार और मारपीट कर रहे हैं। मामले में तहरीर प्राप्त हुई है जिसके बाद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। मामले में दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
