ऊधमसिंह नगर : छत्तीसगढ़ पुलिस ने गदरपुर से करोड़ों की ठगी के दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
उधमसिंह नगर। छत्तीसगढ़ पुलिस ने गदरपुर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की साइबर ठगी के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शनिवार को छत्तीसगढ़ से निरीक्षक राजीव पुलिस टीम के साथ कोतवाली गदरपुर पहुंचे। इसके बाद संयुक्त टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पहले आरोपी सनातन मंडल (निवासी गदरपुर) को सकैनिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद दूसरे आरोपी योगेंद्र सिंह (निवासी दिनेशपुर) को भी हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ में मुकदमे दर्ज हैं और वे एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तारी के बाद ट्रांजिट रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया है।
