उधमसिंह नगर

रुद्रपुर : तमंचे के बल पर महिला का अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म का आरोप

रुद्रपुर। एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि रविवार रात देवर के साथ घर लौट रही महिला को तीन युवकों ने तमंचे के बल पर अगवा कर लिया और ठंडी सड़क स्थित सुनसान क्षेत्र में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ने सोमवार को रम्पुरा पुलिस चौकी पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने उसे मेडिकल जांच के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रविवार रात रुद्रपुर निवासी एक महिला अपने देवर के साथ गांधी पार्क में लगे सरस मेले में गई थी। रात करीब नौ बजे जब दोनों मेले से लौट रहे थे तो किच्छा बाईपास स्थित मैदान के पास देवर के परिचित बताए जा रहे तीन युवक दो बाइकों पर वहां पहुंचे।

आरोप है कि युवकों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और महिला को जबरन बाइक पर बैठाकर ठंडी सड़क की ओर ले गए। महिला का आरोप है कि सुनसान स्थान पर ले जाकर देवर के सामने ही तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर चाकू से हमला कर उसके बाएं हाथ की अंगुली में चोट पहुंचाई गई। आरोप है कि युवकों ने घटना का वीडियो भी बनाया और शिकायत करने पर वायरल करने व जान से मारने की धमकी दी।

सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

error: Content is protected !!