उत्तराखंड

उत्तराखंड : शिक्षा निदेशालय में तोड़फोड़, प्रारंभिक शिक्षा निदेशक पर जानलेवा हमला; पुलिस ने शुरू की जांच

उत्तराखंड। देहरादून के नानुरखेड़ा शिक्षा निदेशालय में अशासकीय विद्यालयों से जुड़े विवाद के दौरान प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इससे वहां अफरातफरी मच गई। हमले में निदेशक के चेहरे और सिर में गंभीर चोटें आईं।

संवाद न्यूज एजेंसी के अनुसार, अशासकीय विद्यालय प्रबंधन से जुड़े कुछ सदस्य अपनी मांगों के संबंध शिक्षा निदेशालय पहुंचे थे। इसी दौरान निदेशालय के कार्मिकों और प्रबंधन के प्रतिनिधियों के बीच कहासुनी हो गई जो देखते ही देखते तीखे विवाद में बदल गई।

विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने निदेशक अजय कुमार पर हमला कर दिया। इसमें उनका चश्मा भी टूट गया। घटना के समय एक विधायक भी मौके पर मौजूद बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे ही अशासकीय विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों को लेकर निदेशालय पहुंचे थे। हमले के बाद घायल निदेशक को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद शिक्षा विभाग में खलबली मच गई है। सरकारी अधिकारी और कर्मचारी इस तरह की घटना को लेकर आक्रोशित हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

निदेशक ने मीडिया को बताया कि रायपुर ब्लॉक के एक स्कूल के नाम परिवर्तन को लेकर विधायक और समर्थक आए थे। उन्हें बता दिया था कि शासन स्तर पर प्रस्ताव गया हुआ है। इसी को लेकर हाथापाई की गई और विधायक भी वहीं हल्ला कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस अपनी कार्रवाई करेगी, उनकी ओर से शिकायत दी जा रही है।

error: Content is protected !!