उत्तराखंडउधमसिंह नगर

रुद्रपुर: दुकान में खून से लथपथ मिला व्यापारी, जांच में जुटी पुलिस

रुद्रपुर के एक व्यापारी देर रात अपनी दुकान में खून से लथपथ घायल अवस्था में मिला। घायल को रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे दिल्ली के मैक्स में रेफर कर दिया गया है। घायल की पहचान ध्रुव चावला के रूप में हुई है, जो सिविल लाइन रोड पर पार्टनरशिप में “शू विला” नाम से जूतों की दुकान संचालित करता है। युवक को सिर में गोली लगी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे ध्रुव का पार्टनर दुकान से चला गया था और वह अकेला दुकान पर मौजूद था। जब देर रात करीब साढ़े नौ बजे तक वह घर नहीं पहुंचा तो उसकी मां एकता ने उसे फोन किया। ध्रुव ने बताया कि वह दुकान पर है और कुछ देर में घर आ जाएगा। इसके बाद रात करीब सवा दस बजे दोबारा फोन करने पर कॉल रिसीव नहीं हुआ।

चिंतित मां ने ध्रुव के पार्टनर हरजिंदर को फोन किया। पौने 11 बजे के करीब जब हरजिंदर दुकान पहुंचा तो ध्रुव गोदाम में खून से लथपथ बेहोश पड़ा मिला। उसके सिर में गोली लगी थी। तत्काल स्वजन और साथी उसे रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली के मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

इधर शुक्रवार को सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी है।

एसएसआई केसी आर्या ने बताया कि मामले की जांच आत्महत्या के प्रयास और जानलेवा हमले दोनों पहलुओं से की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हालांकि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे रात करीब साढ़े आठ बजे बंद हो गए थे, जिससे जांच और जटिल हो गई है।

error: Content is protected !!