उधमसिंह नगर

किच्छा: बुलेट की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत

ऊधमसिंह नगर। किच्छा के दरऊ चौराहे पर एक तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल की चपेट में आने से एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात किच्छा निवासी गणेश अपनी चाय की दुकान बंद कर दरऊ रोड चौराहे पर साइकिल लेकर पैदल सड़क क्रॉस कर रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे बुलेट मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में गणेश और मोटरसाइकिल सवार पंकज दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में दोनों को सरदार वल्लभ भाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गणेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मोटरसाइकिल सवार पंकज की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के पारिवारिक जन बदहवास स्थिति में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।

अस्पताल परिसर में मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था, वहीं घायल के परिजन उन्हें लेकर तत्काल हायर सेंटर रवाना हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गणेश अपनी साइकिल को पैदल लेकर सड़क पार कर रहे थे, तभी अचानक मोटरसाइकिल सवार युवक उनसे टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों छिटक कर काफी दूर जा गिरे और गंभीर रूप से चोटिल हो गए।

घटना की सूचना पाकर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उनकी मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

error: Content is protected !!