उधमसिंह नगर

उधमसिंह नगर : कारोबारी से 70 लाख की लूट के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

उधमसिंह नगर। सोना खरीदने का झांसा देकर शराब कारोबारी और उसके साथी से 70 लाख रुपये की लूट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूट के 4.50 लाख रुपये बरामद किए हैं। अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और कुल 34.50 लाख रुपये की बरामदगी हो चुकी है।

मामले की शुरुआत 26 मार्च को हुई थी, जब बबली नाम की महिला ने शराब कारोबारी मोहित और उसके साथी को सोना बेचने के बहाने अपने घर बुलाया था। बबली, लक्खा, पप्पू और महेन्द्र ने उन्हें सोने के सिक्के दिखाए। राजू सुनार नामक व्यक्ति ने उनमें से एक सिक्के की जांच कर 24 कैरेट सोना बताया। इसके बाद 27 मार्च को जब मोहित और उसके साथी 70 लाख रुपये लेकर बबली के घर पहुंचे तो वहां मौजूद आरोपियों ने लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर रुपये लूट लिए और फरार हो गए।

पुलिस ने इस मामले में डकैती का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान आठ नामजद आरोपियों के अलावा दो और लोगों — बलबीर तथा देवराज के नाम भी सामने आए।

अब पुलिस टीम ने बंटी को आरके ढाबा के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से लूट के 4.50 लाख रुपये बरामद हुए।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाल नरेश चौहान, एसएसआई विक्रम सिंह धामी, एसआई राकेश सिंह रौकली, चंद्र प्रकाश और अशोक बोरा शामिल रहे। पुलिस अब बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है।

error: Content is protected !!