बड़ी खबर: उत्तराखंड में बैलेट पेपर से होंगे निकाय चुनाव
उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। राज्य 100 नगर निकायों के लिए 23 जनवरी को मतदान होगा और 25 जनवरी को मतगणना होगी। शहरी निकायों में कुल 30 लाख 86 हजार 500 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 15 लाख 89 हजार 467 है। जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 14 लाख 93 हजार 519 है। अन्य मतदाताओं की कुल संख्या 514 है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि इस बार शहरी निकायों में बैलेट पेपर से मतदान कराए जाएंगे। जिसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी तैयारी पूरी कर ली है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल संवेदनशील मतदान केंद्र 601 और मतदान स्थल 1292 हैं। कुल अति संवेदनशील मतदान केंद्र 422 और मतदान स्थल 1078 है, संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की संख्या घट बढ़ सकती है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि पूरे निर्वाचन प्रबंधन के लिए तकरीबन 30000 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके अलावा सुरक्षा के मध्य नजर 18000 पुलिस कर्मियों की भी तनाती होगी। साथ ही कर्मचारियों को पोलिंग स्टेशन तक ले जाने के लिए ढाई हजार वाहनों की व्यवस्था चुनाव आयोग द्वारा की गई है। उन्होंने बताया कि पहली बार आयोग द्वारा नगर निकाय चुनावों में प्रत्याशियों के खर्च भी निर्धारित किए गए हैं।
