उत्तराखंड के कई जिलों में भूकंप के झटके, गढ़वाल से कुमाऊं तक महसूस हुई कंपन।
उत्तराखंड। मंगलवार रात करीब 10:23 से 10:24 बजे के बीच उत्तराखंड के विभिन्न इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रुद्रपुर, बागेश्वर, चंपावत समेत कई क्षेत्रों में लोगों को अचानक धरती हिलने का अहसास हुआ। भूकंप के झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
बताया गया कि भूकंप का केंद्र बागेश्वर रहा और इसकी तीव्रता 3.5 रही। भूकंप के बाद लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर झटकों के बारे में जानकारी ली। रात में कई इलाकों में लोग कुछ देर तक घरों के बाहर भी खड़े रहे।
इसके अलावा रामनगर, नैनीताल, खटीमा, श्रीनगर गढ़वाल, हल्द्वानी और पौड़ी में भी भूकंप के झटके महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई है। उत्तरकाशी जनपद में भी रात 10:24 बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए।
हालांकि, अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
