गदरपुर : बर्तन खरीदने के बहाने दुकान में पहुंचा युवक, मौका मिलते ही गल्ले पर हाथ साफ करने का प्रयास
गदरपुर में रविवार शाम दुकान में चोरी का प्रयास करते एक युवक को व्यापारियों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस युवक को अपने साथ ले गई और पूछताछ शुरू की।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब चार बजे एक युवक सकैनिया रोड स्थित गुरुनानक बर्तन भंडार पहुंचा। उसने दुकान में काम कर रही युवती से केतली समेत अन्य बर्तन दिखाने को कहा। युवती सामान लेने दुकान के अंदर गई तो युवक ने मौका पाकर गल्ले में हाथ डालकर रुपये निकालने का प्रयास किया।
इसके बाद युवक ने गल्ले में रखी चाबी से उसे खोलने की कोशिश भी की, लेकिन सफल नहीं हो सका। इसी दौरान युवती की नजर युवक की गतिविधियों पर पड़ गई। उसने युवक को गल्ले के पास देखकर वहां से जाने को कहा और दुकान मालिक को घटना की जानकारी दी।
दुकान मालिक ने सीसीटीवी फुटेज देखी और आसपास के व्यापारियों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद दुकान मालिक और अन्य व्यापारियों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की तलाश शुरू कर दी। कुछ दूरी पर युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया, जिसके बाद व्यापारियों ने उसे पकड़ लिया।
व्यापारियों ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस युवक को अपने साथ ले गई और उससे पूछताछ की जा रही है।
