उत्तराखंड : छात्र संघ चुनाव के बाद दो गुटों में मारपीट, दुकानदार घायल, कोतवाली में हंगामा
उत्तराखंड। राजकीय महाविद्यालय नई टिहरी में छात्र संघ चुनाव संपन्न होने के बाद देर शाम विजय जुलूस के दौरान छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान बीच में आए एक दुकानदार को भी छात्रों ने पीट दिया, जिससे वह घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है।
चुनाव के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थक बौराड़ी क्षेत्र में विजय जुलूस निकाल रहे थे। इसी दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और सत्यमेव जयते छात्र संगठन से जुड़े छात्रों के दोनों गुटों के बीच विवाद हो गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों गुटों को अलग किया।
बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान कुछ छात्रों ने बौराड़ी निवासी एक दुकानदार की भी पिटाई कर दी। वह दुकान बंद कर घर लौट रहा था। सिर में चोट लगने के बाद उसे जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया। घटना के बाद दोनों गुटों के छात्र कोतवाली पहुंच गए और एक-दूसरे पर पहले मारपीट शुरू करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
पुलिस उपाधीक्षक चंद्र मोहन सिंह ने बताया कि छात्रों के बीच हुई मारपीट की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर जांच रिपोर्ट के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
