रुद्रपुर में कार साइड करने को लेकर व्यापारी से मारपीट, CCTV में कैद हुई घटना
रुद्रपुर के मेन मार्केट में कार साइड करने को लेकर एक व्यापारी से मारपीट का मामला सामने आया है। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और फिर लात-घूंसे चले। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना के बाद पीड़ित व्यापारी ने चौकी पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी है। उसने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार कार बाजार स्वामी ने बताया कि वह 24 सितंबर की शाम करीब पांच बजे अपनी दुकान से घर जा रहे थे। इसी दौरान नवरंग होटल के पास सड़क पर जाम लगा हुआ था। सामने से एक कार आ रही थी, जिसमें करीब चार लोग सवार थे। आरोप है कि कार में सवार लोगों ने गाड़ी से उतरकर व्यापारी से गाली-गलौज शुरू कर दी। जब व्यापारी ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उससे मारपीट की। व्यापारी के अनुसार, मारपीट में उसके चेहरे और शरीर के दूसरे हिस्सों में चोटें लगी हैं। मौके पर भीड़ जुटने के बाद आरोपी वहां से भाग गए।
शिकायत में पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान एक व्यक्ति ने उसे धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद वह डरा हुआ है और उसे अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर डर है।
व्यापारी ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस को आरोपियों की पहचान और विवाद की असली स्थिति साफ करने में मदद मिल सकती है। पुलिस शिकायत और मौजूद सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
