ऊधमसिंह नगर में दो दोस्तों पर तलवार से जानलेवा हमला, मुकदमा दर्ज
रिपोर्ट: राजीव कालड़ा
ऊधमसिंह नगर में आपसी रंजिश के चलते दो दोस्तों पर तलवार से जानलेवा हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
सितारगंज निवासी उत्कर्ष ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन नवंबर को वह अपने घर के बाहर खड़ा था। तभी गौरव आया और उसे व उसके दोस्त हैदर से गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गया।
घटना से भयभीत होकर उत्कर्ष अपने दोस्त हैदर के साथ आरोपी के मामा की दुकान पर गया। वहां आरोपी गौरव की शिकायत करने पर वह भड़क गए और दोनों से गाली-गलौज करने लगे। तभी गौरव हाथ में तलवार लेकर मौके पर पहुंच गया। उसने दोनों पर तलवार से हमला कर दिया।
आरोप लगाया कि 22 अगस्त को भी उसने हैदर के साथ मारपीट कर उसके घर के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की थी। 19 सितंबर को भी आरोपी गौरव, हैदर से मारपीट करने के इरादे से जिम में गया था। पीड़ित ने बताया कि दोनों घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में कैद हैं। सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।
