ऊधमसिंह नगर : खेत में विवाद के दौरान युवक को लगी गोली, हालत गंभीर; दिल्ली रेफर
ऊधमसिंह नगर। खेत में हुए आपसी विवाद के दौरान एक युवक को गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके पेट के निचले हिस्से में लगी। परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया गया।
काशीपुर। घायल युवक की पहचान कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र के ग्राम गुलजारपुर निवासी गुरवीर के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल हरेंद्र चौधरी और एसएसआई नवीन बुधानी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फिलहाल युवक को गोली किन परिस्थितियों में लगी, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस को अभी तक मामले में कोई तहरीर भी नहीं मिली है। पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।
