किशोरी की बरामदगी नहीं होने पर 10 सितंबर को प्रदर्शन का निर्णय
सितारगंज। 15 वर्षीय किशोरी की दो माह बाद भी बरामदगी नहीं होने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने आंदोलन का निर्णय लिया है। सोमवार को अपहृत किशोरी के परिजनों के साथ भाकपा (माले) कार्यकर्ताओं और जागरूक युवाओं की बैठक हुई। बैठक में 10 सितंबर को शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से प्रदर्शन कर किशोरी की सकुशल बरामदगी की मांग करने का निर्णय लिया गया।
भाकपा (माले) नेता अनिता अन्ना ने कहा कि क्षेत्र से लगातार बालिकाओं के गायब होने की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि करीब दो माह से लापता किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है और किशोरी का भी कोई सुराग नहीं मिल सका है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में गंभीरता से कार्रवाई करते हुए किशोरी को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने तथा आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि यदि किशोरी की शीघ्र बरामदगी नहीं हुई तो 10 सितंबर को प्रदर्शन कर प्रशासन के समक्ष अपनी मांग रखी जाएगी।
