उधमसिंह नगर

उधमसिंह नगर में सोमवार को बंद रहेंगे सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र, जिलाधिकारी ने जारी किया आदेश

उधमसिंह नगर। जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर 7 सितंबर 2026 (सोमवार) को एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 6 सितंबर को जारी ऑरेंज अलर्ट में राज्य के विभिन्न जनपदों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ अत्यधिक तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है।

जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उधमसिंह नगर के अंतर्गत संचालित सभी राजकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा-12 तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए 7 सितंबर को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के लिए भी अवकाश रहेगा।

प्रशासन ने सभी तहसीलों एवं संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई विद्यालय इस आदेश की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी/अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, उधमसिंह नगर की ओर से जारी आदेश की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों, शिक्षा विभाग, पुलिस प्रशासन एवं जिला सूचना अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई और व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए भेजी गई है।

error: Content is protected !!