उधमसिंह नगर

झोपड़ी में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचा परिवार

रुद्रपुर के निकटवर्ती ग्राम भगवानपुर में रविवार मध्य रात्रि करीब ढाई बजे अज्ञात कारणों से एक झोपड़ी में अचानक आग लग गई। झोपड़ी में सो रहे परिवार के करीब दस सदस्यों में आग लगने से हड़कंप मच गया। चीख-पुकार के बीच परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन झोपड़ी में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, चारपाई-बिस्तर, हजारों रुपये की नगदी समेत पूरा सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम भगवानपुर निवासी श्रीराम का परिवार रविवार रात झोपड़ी में सो रहा था। मध्य रात्रि करीब ढाई बजे अचानक झोपड़ी में आग की लपटें उठने लगीं। आग लगने की जानकारी होते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने किसी तरह बच्चों समेत सभी सदस्यों को झोपड़ी से बाहर निकाला। देखते ही देखते आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान विनीत सोलंकी ने घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन मार्ग संकरा होने के कारण छोटे दमकल वाहन को बुलाया गया। छोटे वाहन के पहुंचने के बाद दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।

श्रीराम और उनकी पत्नी ने बताया कि आग में उनका पूरा सामान जलकर राख हो गया। उन्होंने बताया कि झोपड़ी में रखे कपड़े, बर्तन, चारपाई, बिस्तर, करीब आठ कुंतल अनाज, हजारों रुपये की नगदी और अन्य घरेलू सामान आग की भेंट चढ़ गया। उन्होंने रोते हुए बताया कि आग लगने के बाद उनके पास कुछ भी नहीं बचा है।

घटना के समय झोपड़ी में परिवार के करीब दस लोग सो रहे थे। हालांकि सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका।

ग्राम प्रधान विनीत सोलंकी और क्षेत्र पंचायत सदस्य संजू ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि श्रीराम के परिवार को मुख्यमंत्री सहायता कोष से आर्थिक मदद दिलाने के लिए शासन-प्रशासन स्तर पर हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

error: Content is protected !!