उधमसिंह नगर

ऊधमसिंह नगर : अवैध शराब का जखीरा पकड़ा, दो गिरफ्तार

ऊधमसिंह नगर। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 पेटी अवैध देशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 945 ट्रेटा पैक देशी शराब ब्रांड माल्टा बरामद की है। शराब तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली सितारगंज पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

29 अगस्त को पुलिस चौकी सरकड़ा की टीम ने रसोयापुर के पास चेकिंग के दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली। कार से अवैध शराब बरामद होने पर उसमें सवार दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी और तुषार के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 21 पेटियों में रखे 945 ट्रेटा पैक देशी शराब के बरामद किए। शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट डिजायर कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सन्नी के विरुद्ध पूर्व में कोतवाली टनकपुर में आबकारी अधिनियम के तहत दो अभियोग पंजीकृत हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर रही है। साथ ही दोनों आरोपियों की अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में पुलिस चौकी सरकड़ा, कोतवाली सितारगंज के अपर उपनिरीक्षक अमित कुमार और कांस्टेबल संदीप सजवाल शामिल रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार प्रभावी और कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

error: Content is protected !!