उधमसिंह नगर

3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, अलग-अलग रूट और गेट निर्धारित; वापसी के लिए भी चरणबद्ध व्यवस्था

रिपोर्ट: मनीष ग्रोवर

रुद्रपुर। राधा स्वामी सत्संग व्यास, किच्छा रोड, बिगवाड़ा में 29 और 30 अगस्त को प्रस्तावित विशाल सत्संग को लेकर पुलिस-प्रशासन ने यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। कार्यक्रम में देशभर से तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए अलग-अलग मार्गों से आने और जाने वाले वाहनों के लिए रूट प्लान निर्धारित किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि 29 और 30 अगस्त को सुबह चार बजे से रात आठ बजे तक जनपद की सीमाओं से भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, हल्के वाहनों का आवागमन जारी रहेगा।

सत्संग में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। सितारगंज और बरेली की ओर से आने वाले वाहन किच्छा रोड से सत्संग परिसर के सामने पहुंचकर निर्धारित गेट से प्रवेश करेंगे। हरिद्वार, काशीपुर और बाजपुर की ओर से आने वाले वाहन गदरपुर स्थित एमेनिटी स्कूल के पास से रिंग रोड होते हुए फ्लाईओवर के नीचे से सर्विस रोड के माध्यम से परिसर में पहुंचेंगे।

दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर और बिलासपुर की ओर से आने वाले वाहन रामपुर बॉर्डर से रिंग रोड होते हुए फ्लाईओवर के नीचे से सर्विस रोड के जरिए सत्संग परिसर में प्रवेश करेंगे। वहीं नैनीताल और हल्द्वानी की ओर से आने वाले वाहन हल्द्वानी गोलापुल से लालकुआं-पंतनगर होते हुए किच्छा अथवा सिडकुल पंतनगर चौक से रिंग रोड के रास्ते निर्धारित गेट से परिसर में पहुंचेंगे।

वाहनों के प्रवेश के लिए भी अलग-अलग गेट तय किए गए हैं। भारी वाहन, बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के लिए गेट संख्या 3 और 9, चार पहिया हल्के वाहनों के लिए गेट संख्या 7 तथा दोपहिया वाहनों के लिए गेट संख्या 8 निर्धारित किया गया है।

सत्संग समाप्त होने के बाद श्रद्धालुओं की वापसी के लिए भी अलग रूट रहेगा। किच्छा, सितारगंज और बरेली की ओर जाने वाले वाहन सत्संग गेट से सर्विस रोड होते हुए किच्छा हाईवे से आगे जाएंगे। जबकि काशीपुर, हरिद्वार, देहरादून, रामपुर, मुरादाबाद और दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन सर्विस रोड से फ्लाईओवर के नीचे होते हुए रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे।

पुलिस के अनुसार सत्संग समाप्ति के समय वाहनों का दबाव बढ़ने पर रिंग रोड से किच्छा की ओर जाने वाले वाहनों को सर्विस रोड के माध्यम से मुख्य हाईवे पर भेजा जाएगा। श्रद्धालुओं के वाहनों को समूह बनाकर निर्धारित गेटों से चरणबद्ध तरीके से रवाना किया जाएगा। यातायात सामान्य बनाए रखने के लिए आवश्यकता पड़ने पर मुख्य हाईवे पर कुछ समय के लिए वाहनों को रोका भी जा सकता है।

पुलिस-प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम वाहन चालकों से निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करने तथा पुलिसकर्मियों के निर्देशों में सहयोग करने की अपील की है।

error: Content is protected !!