उधमसिंह नगर

रुद्रपुर : रिश्वत लेने के आरोप में एसआई समेत दो पुलिसकर्मी निलंबित

रुद्रपुर। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान रिश्वत लेने के आरोप में यातायात पुलिस के उपनिरीक्षक और सहायक उपनिरीक्षक पर कार्रवाई की गई है। नैनीताल रोड पर बिना हेलमेट बाइक सवार युवकों को रोककर चालान करने के बजाय रुपये लेने के मामले में जांच के बाद आरोप सही पाए गए। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने उपनिरीक्षक राम सिंह और सहायक उपनिरीक्षक बलवंत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए यातायात पुलिस के साथ अन्य पुलिसकर्मियों की भी विभिन्न स्थानों पर तैनाती की गई थी। इसी दौरान नैनीताल रोड पर उपनिरीक्षक राम सिंह और सहायक उपनिरीक्षक बलवंत सिंह ने बिना हेलमेट बाइक चला रहे कुछ युवकों को रोक लिया।

आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मियों ने बाइक सवारों से बातचीत की और यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान करने के बजाय उन्हें जाने दिया। बताया गया कि बातचीत के बाद एक बाइक सवार युवक ने पुलिस के बुलेट वाहन की डिग्गी में कुछ रुपये डाल दिए। इसके बाद उपनिरीक्षक राम सिंह वहां पहुंचे और बिना कोई कार्रवाई किए बुलेट लेकर वहां से चले गए।

घटनाक्रम की जानकारी पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई गई। जांच पूरी होने पर यातायात निरीक्षक ने उपनिरीक्षक राम सिंह और सहायक उपनिरीक्षक बलवंत सिंह के संबंध में रिपोर्ट तैयार कर एसएसपी अजय गणपति को भेजी।

रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि प्रकरण में दोनों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

error: Content is protected !!