उधमसिंह नगर

रुद्रपुर में बेपटरी हुई यातायात व्यवस्था, ढाई घंटे तक फंसे रहे लोग

रुद्रपुर। शहर में रूट डायवर्जन के बाद भी यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई। जगह-जगह निकाले गए जुलूस के दौरान वाहन रेंगते रहे। गंतव्य तक पहुंचने के लिए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा। गावा, त्रिशूल, डीडी चौक और नैनीताल हाईवे पर सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। करीब ढाई घंटे बाद जाम से निजात मिल सकी।

बुधवार को शहर की अलग ही तस्वीर देखने को मिली। नैनीताल हाईवे से लेकर त्रिशूल चौक तक तेज धूप के बीच लोग पसीने से भीगे हुए जाम से निकलने की जद्दोजहद करते रहे। नैनीताल की ओर जाने वाले वाहन चालक भी देरी से हल्द्वानी की तरफ निकल पाए। जिला अस्पताल के बाहर भी गाड़ियां जाम की वजह से रुकी रहीं जिससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ी। काशीपुर रोड पर भी गाड़ियां फंसी हुई दिखी और मुख्य बाजार का भी यही हाल रहा। रामपुर और किच्छा से आने वाले कामकाजी लोग दो घंटे देरी से अपने कार्यालय पहुंचे।

जाम से निपटने के लिए रूट डायवर्जन किया गया था। जाम खुलवाने के लिए पुलिस टीम मौके पर मौजूद थी। – उत्तम सिंह नेगी, एसपी सिटी

error: Content is protected !!