उधमसिंह नगर

रुद्रपुर : पिकअप की चपेट में आने से महिला श्रमिक की मौत, प्रबंधन पर 24 घंटे तक फैक्ट्री में शव रखने का आरोप

रुद्रपुर। काशीपुर रोड स्थित बर्तन बनाने वाली फैक्ट्री में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि फैक्ट्री परिसर में पिकअप वाहन की चपेट में आने से महिला श्रमिक की मौत के बाद प्रबंधन ने शव को करीब 24 घंटे तक फैक्ट्री परिसर में ही रखा। इसके बाद महिला को निजी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बताया गया कि रूपा नाम की महिला करीब डेढ़ वर्ष से फैक्ट्री में काम कर रही थी। मंगलवार दोपहर वह किसी काम से अपनी जगह से उठकर गई थी। वापस लौटते समय पिकअप वाहन चालक फैक्ट्री परिसर में वाहन बैक कर रहा था। इसी दौरान वाहन ने महिला को पीछे से टक्कर मार दी और वह वाहन के नीचे आ गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया।

आरोप है कि घटना के बाद मामले को दबाने के प्रयास में महिला के शव को फैक्ट्री परिसर में ही रखा गया। करीब 24 घंटे बाद बुधवार को उसे पहले एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से जिला चिकित्सालय भेज दिया गया। जिला चिकित्सालय पहुंचने पर चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि महिला को जिला चिकित्सालय लेकर जाने वाले व्यक्ति का बाद में मोबाइल बंद हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन फैक्ट्री पहुंचे और जमकर हंगामा किया। परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मृतका परिवार की एकमात्र कमाने वाली थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!