उत्तराखंड

सब्सिडी की फाइल बढ़ाने के नाम पर 10 हजार की रिश्वत, सहायक कृषि अधिकारी गिरफ्तार

हरिद्वार। कृषि यंत्र खरीदने पर मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगना सहायक कृषि अधिकारी को भारी पड़ गया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने आरोपी अधिकारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

मामला विकासखंड खानपुर का है। शिकायतकर्ता के भाई ने कृषि यंत्र खरीदने के लिए सब्सिडी का लाभ लेने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि फाइल आगे बढ़ाने के एवज में खानपुर विकासखंड में तैनात सहायक कृषि अधिकारी हरिओम ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की उत्कोच धनराशि की मांग की थी। रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। निर्धारित योजना के तहत 18 अगस्त 2026 को सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने कार्रवाई की।

इस दौरान सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी हरिओम यादव वर्तमान में विकासखंड खानपुर में सहायक कृषि अधिकारी के पद पर तैनात था।

सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने की इस कार्रवाई के बाद विभागीय स्तर पर भी मामला चर्चा में है। सतर्कता अधिष्ठान की कार्रवाई से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने को लेकर सख्त संदेश गया है।

error: Content is protected !!