उधमसिंह नगर

किच्छाः भाजपा नेता और पुत्र ने कोतवाली में बिताई रात, पुलिस पर लगाया एकतरफा कार्रवाई का आरोप

किच्छा। दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद कोतवाली पहुंचना शहर के एक भाजपा नेता को भारी पड़ गया। पुलिस ने भाजपा नेता और उनके पुत्र को हिरासत में लेकर रातभर कोतवाली में रखा। हालांकि, अगली सुबह जमानत भरने के बाद दोनों को छोड़ दिया गया। कार्रवाई से नाराज भाजपा नेता ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पटेरी और अजयनिया के दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद की सूचना मिलने पर एक भाजपा नेता अपने पुत्र और अन्य लोगों के साथ कोतवाली पहुंचे। इसी दौरान वहां दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।

भाजपा नेता का आरोप है कि पटेरी निवासी करीब आठ से दस लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान उनके पुत्र को भी चोटें आईं। उनका कहना है कि इसके बावजूद पुलिस ने दूसरे पक्ष के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें और उनके पुत्र को हिरासत में ले लिया और रातभर कोतवाली में रखा।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले में एकतरफा कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम को लेकर वह जल्द ही प्रेस के सामने अपनी बात रखेंगे और मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जानकारी देंगे।

इधर, भाजपा नेता और उनके पुत्र को रातभर कोतवाली में रखे जाने और अगली सुबह जमानत के बाद छोड़े जाने की घटना को लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। भाजपा नेता के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

error: Content is protected !!