उधमसिंह नगर

रुद्रपुर में 56 दुकानों पर चलेगा बुलडोजर, 15 दिन का नोटिस

रुद्रपुर। काशीपुर बाईपास पर लगने वाले जाम से जल्द निजात मिलने वाला है। लोक निर्माण विभाग सड़क चौड़ीकरण से पहले बाईपास पर बनी 56 दुकानों को हटाने जा रहा है। लोनिवि ने सभी दुकानदारों को 15 दिन में दुकानें खाली करने का नोटिस जारी कर दिया है। इसके बाद बुलडोजर चलेगा।

लोनिवि के अधिकारियों ने बताया कि सड़क को बीच से दोनों ओर 60-60 फीट चौड़ा किया जाएगा। अभी सड़क की चौड़ाई जगह-जगह 30 से 40 फीट ही है। चौड़ीकरण के बाद डिवाइडर, नाली और फुटपाथ भी बनाए जाएंगे। परियोजना पर कुल 13.72 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस सड़क चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से किया था। सरकार ने इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन व लोनिवि की संयुक्त टीम ने बाईपास का सर्वे कर 56 दुकानों को चिह्नित किया है। सभी दुकानें सड़क की प्रस्तावित सीमा में आ रही हैं। दुकानदारों को 15 दिन में स्वयं अतिक्रमण हटाने को कहा गया है। नोटिस मिलने के बाद दुकानदारों में हलचल है। कई दुकानदारों का कहना है कि वे सालों से यहां कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से विस्थापन या मुआवजे की मांग की है।

लोनिवि के अधिशासी अभियंता गजेंद्र सिंह ने बताया कि बाईपास चौड़ीकरण की तैयारी शुरू हो गई है। पहले चरण में नोटिस जारी किए गए हैं। जहां कोई नहीं मिला वहां नोटिस चस्पा किए हैं। साथ ही मुनादी कराई जा रही है।

error: Content is protected !!