उधमसिंह नगर

रुद्रपुर में कैश कलेक्शन कर्मी से हुई 12.50 लाख की लूट का खुलासा, चार गिरफ्तार; नाबालिग ने बनाई थी योजना

रुद्रपुर पुलिस ने मलसी रोड पर आठ अगस्त को कैश कलेक्शन कर्मी से हुई साढ़े 12 लाख रुपये की लूट का खुलासा कर दिया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है। घटना में शामिल चार अन्य अभियुक्त अभी फरार हैं।

बुधवार को एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि मलसी निवासी विनीत कैश कलेक्शन का काम करते हैं। आठ अगस्त को वह किच्छा से कलेक्शन कर घर लौट रहे थे। मलसी रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने तमंचे से हमला कर उन्हें डराया और नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में करीब 12.50 लाख रुपये थे। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस, हरपाल, हरजीत और सतपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.10 लाख रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संरक्षण में लिए गए नाबालिग ने ही लूट की योजना बनाई थी। पूछताछ में उससे घटना में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। -डॉ. उत्तम सिंह नेगी, एसपी सिटी

error: Content is protected !!