मासूम के साथ कुकर्म का प्रयास, भीड़ ने आरोपी को धुना
हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में 12 वर्षीय नाबालिग के साथ कुकर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को मुखानी क्षेत्र की एक दुकान में काम करने वाले 12 वर्षीय नाबालिग को उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी आजम नामक युवक ने बुलाया। आरोप है कि इसके बाद उसने नाबालिग के साथ अश्लील हरकत की। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पूछताछ में बच्चे ने घटना की जानकारी दी।
इसके बाद लोगों ने भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
एसएचओ सुशील जोशी ने बताया कि आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रामपुर का निवासी है। गुरुवार को उसका मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
