उधमसिंह नगर : हनीट्रैप में फंसाकर कारोबारी से लाखों की वसूली
उधमसिंह नगर में एक कारोबारी को कथित हनीट्रैप में फंसाकर अश्लील वीडियो बनाने, तमंचा दिखाकर धमकाने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी की तहरीर पर काशीपुर कोतवाली पुलिस ने दो महिलाओं और दो पुरुषों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पेंट की दुकान संचालक ने काशीपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी। कारोबारी ने बताया कि 16 जून को पिंकी उर्फ परमजीत कौर अपने साथियों के साथ उनकी दुकान पर आई थी। इसके बाद पेंट खरीदने के बहाने मोबाइल नंबर लेकर बातचीत का सिलसिला शुरू किया और फिर एक अन्य महिला रविंदर कौर के जरिए उसे 22 जून को कुंडेश्वरी बुलाया।
आरोप है कि वहां कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश किया गया और होश आने पर उसे निर्वस्त्र कर अश्लील वीडियो बना लिया गया। इसी दौरान दो पुरुष और एक महिला ने वहां पहुंचकर उसे पीटा। आरोप है कि एक व्यक्ति ने उसकी कनपटी पर तमंचा लगाकर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी और दस लाख रुपये मांगे। वीडियो वायरल डर के चलते उसने ऑनलाइन चार बार 25-25 हजार रुपये दिए। इसके बाद 23 जून को कुंडा मोड़ के पास चार लाख रुपये और दिए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पांच लाख देने के बाद भी आरोपी उसे लगातार फोन करके और रकम की मांग कर रहे हैं। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को रुपये लेनदेन का रिकार्ड समेत ऑडियो रिकार्डिंग उपलब्ध कराई।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत, ऑडियो रिकॉर्डिंग और लेनदेन के साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
