रुद्रपुर में तेज रफ्तार कार कैंटर से टकराई, दंपती और एक वर्षीय मासूम घायल
रुद्रपुर। नगर के गाबा चौक पर बुधवार सुबह एक अनियंत्रित कार कैंटर से टकरा गई। हादसे में कार सवार दंपती और उनका एक वर्षीय पुत्र घायल हो गया। तीनों को उपचार के लिए चिकित्सालय ले जाया गया। दुर्घटना के बाद मौके पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया।
जानकारी के अनुसार, ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी गुरसेवक सिंह अपनी पत्नी और पुत्र के साथ कार से नानकपुरी टांडा जा रहे थे। बताया गया कि गाबा चौक पर पहुंचने के दौरान उनकी कार काशीपुर बाईपास रोड की ओर से आ रहे कैंटर से टकरा गई।
हादसे में कार चला रहे गुरसेवक सिंह, उनकी पत्नी और पुत्र को चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों वाहनों को मुख्य मार्ग से किनारे करवाकर यातायात सुचारू कराया। कैंटर चालक के अनुसार, वह सिडकुल से आनंदम गार्डन की ओर जा रहा था।
