रुद्रपुर में जहरखुरानी गिरोह का शिकार हुआ नेपाली युवक, 40-50 हजार रुपये लेकर फरार
रुद्रपुर। जालंधर से नेपाल के महेंद्रनगर लौट रहे एक युवक को जहरखुरानी गिरोह ने चलती बस में अपना शिकार बना लिया। सहयात्रियों के रूप में बैठे आरोपियों ने युवक को चाय और बिस्किट में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। कुछ देर बाद युवक के बेसुध होने पर आरोपी उसकी जेब से करीब 40 से 50 हजार रुपये निकालकर रुद्रपुर क्षेत्र में उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, जीवन जालंधर से बस में सवार होकर नेपाल के महेंद्रनगर जा रहा था। रास्ते में बस में सवार कुछ लोगों ने उससे बातचीत की और चाय-बिस्किट खाने को दिए। इसके बाद वह बेहोश हो गया। आरोपियों ने उसकी जेब में रखी नकदी निकाल ली।
सड़क किनारे बेसुध पड़े जीवन को राहगीर प्रदीप कुमार ने देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। युवक के पास मौजूद आईफोन, दूसरा मोबाइल फोन और तीन बैग सुरक्षित मिले हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास की जानकारी जुटाई जा रही है।
