रुद्रपुर : 50 सीटर बस में ठूंस दिए 110 यात्री, 1.07 लाख का चालान
रुद्रपुर। टनकपुर से लुधियाना जा रही जगदंबा ट्रैवल्स की निजी बस में निर्धारित क्षमता से दोगुने से अधिक यात्रियों को बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। शनिवार रात किच्छा में सूरजमल कॉलेज के पास परिवहन विभाग की टीम ने बस को चेकिंग के लिए रोक लिया। जांच के दौरान बस में करीब 110 यात्री सवार मिले, जबकि बस की निर्धारित क्षमता महज 50 यात्रियों की थी।
मामले में एआरटीओ हल्द्वानी जितेंद्र कुमार ने बस का 1,07,500 रुपये का चालान किया। इसके साथ ही बस का परमिट निरस्त करने और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के बाद रात में सभी यात्रियों को रुद्रपुर बस स्टेशन लाया गया। रविवार सुबह सहायक महाप्रबंधक मधुसूदन मिश्रा के सहयोग से रोडवेज बसों की व्यवस्था कर सभी यात्रियों को लुधियाना के लिए रवाना किया गया।
यात्रियों ने बताया कि यात्रा की शुरुआत में एक सीट पर चार-पांच लोगों को बैठाया गया था। रास्ते में लगातार सवारियां चढ़ाई जाती रहीं, जिससे बस में भीड़ बढ़ती गई। यात्रियों के मुताबिक बाद में स्थिति इतनी खराब हो गई कि एक सीट पर सात-आठ लोगों को बैठाकर यात्रा कराई गई।
यात्रियों का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो बस संचालकों की ओर से कथित तौर पर कहा गया कि इसी तरह यात्रा करनी है तो करें, अन्यथा रास्ते में उतार दिया जाएगा। भीड़ के कारण महिलाओं और बच्चों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यात्रियों ने बस संचालकों पर मनमाना किराया वसूलने का भी आरोप लगाया। यात्रियों का कहना था कि निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक लोगों को बस में बैठाकर उनकी जान जोखिम में डाली गई। परिवहन विभाग की कार्रवाई के बाद यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था से उनके गंतव्य तक भेजा गया।
