उधमसिंह नगर

ऊधमसिंह नगर: प्लॉट बेचने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी, एसएसपी के आदेश पर तीन प्रॉपर्टी डीलरों पर मुकदमा दर्ज

ऊधमसिंह नगर। प्लॉट बेचने के नाम पर लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर तीन प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मुरादाबाद निवासी प्रिनेंद्र पाल सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में आरोप लगाया कि एहसान अली, शाकिर अली और निजामुद्दीन ने स्वयं को काशीपुर की यूके सिटी कॉलोनी का अधिकृत कॉलोनाइजर बताते हुए वर्ष 2017 में प्लॉट संख्या-252 को बेचने का प्रस्ताव दिया था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने उक्त प्लॉट को पूरी तरह वैध और विवादमुक्त बताते हुए रजिस्ट्री एवं अन्य खर्चों समेत उनसे करीब छह लाख रुपये लिए। इसके बाद 16 मई 2018 को प्लॉट की रजिस्ट्री भी करा दी गई।

आरोप है कि बाद में राजस्व अभिलेखों और दाखिल-खारिज की प्रक्रिया के दौरान शिकायतकर्ता को पता चला कि संबंधित भूमि पहले ही किसी अन्य व्यक्ति के नाम रजिस्टर्ड की जा चुकी थी। साथ ही आरोप लगाया गया कि आरोपियों के पास संबंधित खसरे में पर्याप्त शेष रकबा भी नहीं था।

शिकायत में कहा गया है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने कथित रूप से धमकी दी। बाद में रकम लौटाने के लिए दिए गए बैंक चेक भी बाउंस हो गए। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने चेक अनादरण से संबंधित मामले न्यायालय में भी प्रस्तुत किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने एहसान अली, शाकिर अली और निजामुद्दीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!