उधमसिंह नगर

रुद्रपुर : फ्लाईओवर के नीचे मिला हॉस्पीटल में भर्ती वृद्ध का शव

रुद्रपुर। बीमारी के चलते जिला चिकित्सालय में भर्ती एक वृद्ध का शव सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में काशीपुर रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे लावारिस अवस्था में मिला। बाद में उनकी पहचान आदर्श कॉलोनी निवासी इन्द्रजीत सिंह के रूप में हुई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, आदर्श कॉलोनी निवासी इन्द्रजीत सिंह पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। शनिवार देर रात उनके घर में अचानक आग लग गई थी, जिससे घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। इस घटना का उन्हें गहरा सदमा लगा, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था।

सोमवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि काशीपुर रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे एक वृद्ध का शव मिला है। मौके पर पहुंचने पर आधार कार्ड के माध्यम से शव की पहचान इन्द्रजीत सिंह के रूप में हुई।

एक ही परिवार पर कुछ ही दिनों के भीतर आगजनी और फिर वृद्ध की संदिग्ध मौत जैसी दो घटनाओं ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वृद्ध के अस्पताल से बाहर आने तथा मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!