रुद्रपुर: घर में महिला ने फांसी लगाकर दी जान, पति ने युवक पर ब्लैकमेल करने का लगाया आरोप
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसका पति दोनों बच्चों के साथ बाजार गया हुआ था। लौटने पर महिला का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में पति ने एक युवक पर पत्नी को लगातार ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार तपस्या विहार कॉलोनी, निवासी योगेश एक फार्मा कंपनी में कार्यरत हैं। वह अपनी पत्नी दीक्षा, पुत्री और पुत्र के साथ रहते हैं।
बताया गया कि रविवार दोपहर योगेश अपने दोनों बच्चों के साथ घरेलू सामान लेने बाजार गए थे। करीब दो घंटे बाद जब वे घर लौटे तो उन्होंने दीक्षा को कमरे में पंखे से चुन्नी के सहारे लटका हुआ पाया। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति योगेश ने बताया कि परिवार में किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं था। उनका आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से एक अज्ञात युवक उनकी पत्नी को लगातार फोन कर ब्लैकमेल कर रहा था। उन्होंने बताया कि पत्नी के चेहरे पर भय और तनाव के भाव देखकर उन्हें संदेह हुआ था। मोबाइल की जांच करने पर कई अज्ञात नंबरों से कॉल आने की जानकारी मिली, लेकिन पूछने पर पत्नी हर बार बात टाल देती थी और मानसिक रूप से परेशान रहती थी।
योगेश का कहना है कि यदि पुलिस मृतका के मोबाइल फोन और कॉल रिकॉर्ड की गहन जांच करे तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की शिकायत के आधार पर मोबाइल कॉल डिटेल सहित अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
