उधमसिंह नगर

ऊधमसिंह नगर: घर के बाहर स्मैक बेच रही महिला गिरफ्तार

किच्छा। ऊधमसिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को 11.50 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से स्मैक बिक्री से प्राप्त बताए गए 500 रुपये भी बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार 21 जुलाई को उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान टीचर्स कॉलोनी स्थित ऑक्सफोर्ड स्कूल वाली गली में एक घर के बाहर लोगों की भीड़ दिखाई दी। पुलिस को देखते ही कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि एक महिला घर के अंदर जाने का प्रयास करने लगी।

संदेह होने पर महिला कांस्टेबल रेखा आर्या ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम काजल निवासी टीचर्स कॉलोनी, किच्छा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11.50 ग्राम स्मैक और 500 रुपये नकद बरामद हुए।

पुलिस के मुताबिक महिला ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेच रही थी और बरामद नकदी उसी बिक्री की रकम है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली किच्छा में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!