उधमसिंह नगर

ऊधमसिंह नगर : गौकशी के फरार आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

गदरपुर थाना क्षेत्र में बीते दिनों गौकशी के एक मामले में फरार दो अभियुक्तों में एक को शुक्रवार की रात्रि मुखबिर की सूचना पर गदरपुर थाना पुलिस व एसओजी टीम ने ग्राम कनौरा में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से कई राउण्ड फायर हुए । जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। जिसे पहले बाजपुर और फिर जिला चिकित्सालय उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

एसएसपी अजय गणपति ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायल आरोपी और उपचार कर रहे चिकित्सक से आवश्यक जानकारी ली। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि बीते दिनों गदरपुर थाना पुलिस व एसओजी टीम द्वारा गौकशी के मामले में मुठभेड़ के बाद दो लोगों को प्रतिबंधित मांस के साथ गिरफ्तार किया गया था जबकि उनके दो साथी पुलिस टीम को चकमा देकर मौके से फरार हो गये थे।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात्रि मुखबिर से जानकारी मिली कि एक फरार आरोपी मोईन अपने किसी साथी के साथ स्वार रामपुर के रास्ते बाजपुर में प्रतिबंधित मांस की तस्करी करने आ रहा है। जिसके बाद पुलिस व एसओजी टीम ने ग्राम कनौरा में वाहन चौकिंग अभियान शुरू किया। जहां मोईन द्वारा पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करते हुए तीन राउण्ड फायर किये गये जिसके जवाब में पुलिस टीम ने भी फायर किये।

उन्होंने बताया कि दोनों ओर से हुई फायरिंग के दौरान मोईन के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर बाईक से गिर पड़ा। जबकि उसका साथी मौके से भागने में कामयाब हो गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मोईन कोे दबोच लिया। एसएसपी के नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम पता मोईन निवासी बाजपुर, बताया। पुलिस ने मौके से अभियुक्त की बिना नम्बर की मोटर साईकिल, 17 किलो मांस, एक तमंचा और तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस बरामद किये। उन्होंने बताया कि मोईन को गिरफ्तार कर उसे उपचार के लिए बाजपुर चिकित्सालय ले जाया गया। जहां से उसे जिला चिकित्सालय रैफर किया गया।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मोईन मुरादाबाद के कई क्षेत्रें में गौकशी और तस्करी करता है। उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है। पकड़ने वाली पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी उप निरीक्षक उमेश कुमार, उप निरीक्षक प्रदीप शर्मा, ,कां- दलीप सिंह, राजेन्द्र कुमार, राजेन्द्र सिंह व दिनेश रावत शामिल थे।

error: Content is protected !!