रुद्रपुर : पहले से थी फायर एनओसी, फिर भी स्कूल बंद करना चाहता था प्रबंधन
रुद्रपुर। फायर एनओसी नहीं होने का हवाला देकर स्कूल बंद रखने वाले क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल पर शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखाई है। सीईओ ने विद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी कर स्कूल को संचालित करने का कहा है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन ने 30 जून को भेजे पत्र में कहा था कि फायर एनओसी मिलने तक विद्यालय का संचालन स्थगित रहेगा। हालांकि विभागीय स्तर पर की गई जांच में पता चला कि विद्यालय को फायर विभाग से एनओसी पहले ही जारी की जा चुकी है। जांच में सामने आया कि विद्यालय के पास अक्तूबर 2025 से ही वैध फायर एनओसी मौजूद है, जिसकी अवधि वर्ष 2028 तक है।
ऐसे में विभाग का मानना है कि विद्यालय ने वास्तविक तथ्य छिपाकर स्कूल बंद रखा और अभिभावकों, विद्यार्थियों व शिक्षा विभाग को गुमराह किया। शिक्षा विभाग ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए विद्यालय प्रबंधन को तत्काल शिक्षण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि अगर तत्काल स्कूल का संचालन शुरू नहीं किया गया तो प्रबंधन के खिलाफ विधिक के साथ-साथ शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित करने वाली किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
