रुद्रपुर : मंदिर परिसर में मांस फेंकने के आरोप में पुलिसकर्मी गिरफ्तार
रुद्रपुर। कोतवाली पुलिस ने मंदिर के मुख्य द्वार पर मांस के अवशेष फेंककर धार्मिक भावनाएं आहत करने और माहौल खराब करने के प्रयास के आरोप में एक पुलिसकर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार, भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के जिलाध्यक्ष विजेन्द्र ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि भूतबंगला क्षेत्र स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर के समीप रहने वाले अजीम नामक व्यक्ति ने शुक्रवार को अपने घर के बाहर बकरे की कुर्बानी दी। आरोप है कि इसके बाद उसने बकरे के अवशेष मंदिर के मुख्य गेट के पास फेंक दिए, जिससे स्थानीय लोगों में रोष फैल गया।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि जब कॉलोनी के लोगों ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आरोपी स्वयं को उत्तराखंड पुलिस का कर्मचारी बताकर कार्रवाई से बचने की बात कह रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि इस घटना से क्षेत्र में तनाव और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रकाश दानू ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसे गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया है।
