रुद्रपुर में हवाई फायरिंग और हथियार लहराकर दहशत फैलाने का आरोप, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
रुद्रपुर में हवाई फायरिंग, पत्थरबाजी और धारदार हथियारों के बल पर लोगों को धमकाने की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि कुछ दबंग युवक लंबे समय से इलाके में आतंक का माहौल बनाए हुए हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
ट्रांजिट कैम्प कोतवाली क्षेत्र के शिवनगर वार्ड-9 के मोहल्लेवासियों के अनुसार शनिवार देर रात बाइक और स्कूटी पर सवार करीब आधा दर्जन युवक शिवनगर पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने एक घर के सामने पहुंचकर हवाई फायर किया, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद उन्होंने कुछ घरों पर ईंट-पत्थर फेंके और धारदार हथियारों से घरों व दुकानों के शटरों पर वार करते हुए गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकियां दीं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जब मोहल्ले के लोग एकत्र होने लगे तो युवक वहां से चले गए, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा लौट आए और फिर से लोगों को डराने-धमकाने लगे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी चार बार अलग-अलग समय पर मोहल्ले में आए और कई घरों के बाहर पहुंचकर अभद्रता करते रहे। एक महिला को कथित रूप से धमकी देते हुए कहा गया कि उसके पुत्र के पास केवल पांच दिन का समय बचा है, इसके बाद उसे जान से मार दिया जाएगा।
घटना की सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैम्प पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी युवक फरार हो चुके थे। पुलिस ने क्षेत्र में उनकी तलाश भी की, हालांकि किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं मिली थी।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि कुछ युवक लंबे समय से तमंचों और धारदार हथियारों के साथ क्षेत्र में घूमते हैं तथा लोगों को धमकाने के साथ महिलाओं से छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को भी अंजाम देते हैं। उनका कहना है कि स्थिति ऐसी हो गई है कि शाम ढलने के बाद महिलाएं और बच्चे घर से बाहर निकलने में असुरक्षित महसूस करते हैं।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी ट्रांजिट कैम्प कोतवाली और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होती।
क्षेत्रवासियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
