उधमसिंह नगर

रुद्रपुर : वसूली कांड में भाजपा नेता पर मुकदमा दर्ज, 70 हजार महीना ‘एंट्री’ वसूली का आरोप

रुद्रपुर। उधमसिंह नगर जनपद के चर्चित डंपर वसूली कांड में आखिरकार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता विकास सागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। लंबे समय से चल रही खींचतान और राजनीतिक दबाव के बीच हुई इस कार्रवाई से जिले की सियासत और पुलिस प्रशासन में हलचल मची हुई है।

जानकारी के अनुसार, कुछ समय पूर्व राम सिंह नामक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर भाजपा नेता विकास सागर पर गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत में कहा गया कि डंपरों के बेरोकटोक संचालन और पुलिस कार्रवाई से बचाने के नाम पर डंपर स्वामियों से प्रति माह 70 हजार रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही थी। आरोप है कि एंट्री देने के बाद वाहनों को पुलिस और प्रशासनिक कार्रवाई से बचाने का भरोसा दिया जाता था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब एंट्री देने के बावजूद पुलिस ने ओवरलोडिंग अभियान के दौरान एक डंपर को पकड़कर सीज कर दिया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने भाजपा नेता से संपर्क किया, लेकिन कोई राहत नहीं मिलने पर मामला पुलिस तक पहुंच गया। शिकायत के बाद डंपरों के नाम पर चल रहे कथित अवैध वसूली नेटवर्क की परतें खुलनी शुरू हो गईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी आईपीएस अजय गणपति ने जांच के आदेश दिए थे। करीब 28 दिनों तक चली विस्तृत जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने विकास सागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे वसूली नेटवर्क में कुछ अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

error: Content is protected !!