उत्तराखंड

उत्तराखंड: अवैध वसूली के आरोप में आरटीओ सब इंस्पेक्टर निलंबित, आक्रोशित लोगों ने बनाया था बंधक

उत्तराखंड में परिवहन विभाग के एक सब इंस्पेक्टर पर ट्रांसपोर्ट कारोबारियों से कथित अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगे हैं। आरोपों के बाद विभाग ने आरोपी सब इंस्पेक्टर शशिकांत तेंगोवाल को निलंबित कर दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि देहरादून के हर्रावाला क्षेत्र में सोमवार को स्थानीय लोगों ने सब इंस्पेक्टर को कथित वसूली के दौरान एक दुकान के अंदर बंद कर दिया और करीब दो घंटे तक बंधक बनाए रखा। मौके पर जुटे लोगों ने आरोप लगाया कि अधिकारी पिछले चार वर्षों से ट्रांसपोर्ट कारोबारियों से हर महीने अवैध वसूली कर रहा था।

स्थानीय लोगों के मुताबिक छोटी गाड़ियों से प्रति वाहन दो हजार रुपये, छह टायर वाले वाहनों से आठ हजार रुपये, आठ टायर वाले वाहनों से दस हजार रुपये और 12 टायर वाले वाहनों से 12 हजार रुपये तक वसूले जाते थे।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परिवहन विभाग में हड़कंप मच गया। मामले का संज्ञान परिवहन सचिव ने भी लिया। मंगलवार को विभागीय अधिकारियों की बैठक के बाद प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी सब इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया। इस संबंध में अपर परिवहन आयुक्त ने आदेश जारी कर दिए हैं।

error: Content is protected !!